ब्रह्मलीन स्वामी शारदा नंद गिरि जी महाराज को उनकी षोडशी पर प्रयागराज में संतजनो ने दी भाव भीनी श्रद्धांजलि, स्वामी विद्याधीशानन्द गिरि महाराज बने ट्रस्ट के अध्यक्ष


झूसी, प्रयागराज 15 जुलाई (अशोक राणा) 



 झूसी स्थित श्री परमानन्द आश्रम में विगत दिनों ब्रह्मलीन हुए महंत श्री 108 स्वामी शारदानन्द गिरि जी महाराज का षोडशी कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान श्री परमानन्द आश्रम ट्रस्ट की बैठक में कोलकाता, रांची, दिल्ली, वाराणसी, हरिद्वार, इलाहाबाद आदि देश भर से आये ट्रस्टीगणों ने सर्वसम्मति से स्वामी विद्याधीशानन्द गिरि को परमानन्द आश्रम ट्रस्ट के महंत एवं अध्यक्ष के रूप में चयनित किया। आश्रम के सदस्य एवं हरिद्धार से पधारे संत स्वामी शरद पुरी जी को श्री परमानन्द आश्रम का उपाध्यक्ष बनाया गया। आश्रम में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के दृष्टिगत प्रदेश सरकार व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण अनुपालना करते हुए आश्रम परिसर में सुरक्षित सामाजिक दूरी के नियम का पालन करते हुए व मास्क एवं सैनिटाईजर जैसे बचाव व स्वच्छता के साधनों का उपयोग किया गया। षोडशी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ब्रह्मलीन महंत श्री स्वामी शारदानन्द गिरि जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किये।


षोडशी कार्यक्रम में सन्यासी परंपरानुसार पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन हुआ। इसके बाद विभिन्न सन्यासी अखाड़ों के संतों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम की ओर से उन्हें विधिपूर्वक सम्मानित किया गया। तत्पश्चात अन्य संतों, आश्रमवासी, वेदाध्यापकगण, छात्रगण, भक्तगण आदि ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान प्रमुख रूप से हरिद्वार से पधारे श्री स्वामी शरद पुरी जी महाराज, स्वामी अखिलेश योगी, गंगोत्री से पधारे श्री स्वामी नृसिंह तीर्थ जी महाराज, स्वामी निरंजन जी, डाॅ. कनक द्विवेदी, डाॅ. चंद्रकांत द्विवेदी, आचार्य वंशपति द्विवेदी, अशोक राणा, पुणे से पधारे आर.पी. सिंह एवं प्रयागराज स्थित कई अखाड़ों से संबद्ध आश्रमों के महंत, संतगण सहित श्री गंगेश्वर संस्कृत उत्तर माध्यमिक विद्यालय एवं स्वामी नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय के प्राचार्य, वेदाध्यापकगण, वैदिक छात्रगण, स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Featured Post

त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व मे भाजपाईयो ने की गंगा सफाई

हरिद्वार 25 अक्टूबर  भाजपा जिला संगठन द्वारा गंगा बंदी के दौरान गणेश घाट मायापुर हरिद्वार पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें हरिद्वार लोकस...