विश्व हिंदू परिषद की महत्वपूर्ण बैठक हुई संपन्न

हरिद्वार: 5 नवम्बर ( संजय वर्मा ) विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रव्यापी हिन्दू हित चिंतक अभियान को उत्तराखण्ड प्रान्त में सफलतापूर्वक संपन्न कराने के महत्त्वपूर्ण उद्देश्य को लेकर प्रान्त टोली की एक बैठक विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त कार्यालय हरिद्वार में आहूत की गई। बैठक में अभियान के सर्वाधिक महत्वपूर्ण पक्ष योजना–रचना, क्रियान्वयन और अपेक्षित परिणाम को लेकर गम्भीर चिन्तन कर अभियान में लगे अपेक्षित कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रान्त अध्यक्ष रविदेव आनन्द ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विश्व हिन्दू परिषद सम्पूर्ण उत्तराखण्ड में रहने वाले लोगों को संगठन से जोड़ने के लिए 6 नवम्बर सन 2022 रविवार से हिन्दू हित चिंतक अभियान प्रारम्भ कर रहा है। हिन्दू हित चिंतक अभियान सन 2022 को सर्वस्पर्शी बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद 6 नवंबर सन 2022 से 20 नवंबर सन 2022 तक हिन्दू समाज के प्रत्येक जाति, मत, पंथ, संप्रदाय से संपर्क कर उन्हें संगठन, समाज व राष्ट्र हित के कार्यों से जोड़ने का कार्य करेगा। हिंदू हितचिंतक अभियान में विशेष वर्ग के लोगों से सम्पर्क कर संगठन से जोड़ने के लिए एक विशेष संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के अन्तर्गत डॉक्टरों, इंजीनियरों, वकील, खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी समेत सभी तरह से समाज में ख्यातिप्राप्त व्यक्तियों को संगठन से जोड़ा जाएगा। हितचिंतक अभियान की टोलियों के सदस्य सम्पूर्ण उत्तराखण्ड प्रान्त में प्रत्येक हिन्दू घर में जाकर उन्हें हितचिंतक बनाने का कार्य करेंगी। इस राष्ट्रव्यापी अभियान में विश्व हिंदू परिषद के द्वारा समाज हित में किए जाने वाले कार्यों के सम्बंध में हिन्दू समाज को विस्तार से अवगत कराना भी तय किया गया हैं। प्रान्त संगठन मंत्री अजय जी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रव्यापी हितचिंतक अभियान का उद्देश्य संगठन के विभिन्न आयामों का विस्तार करना है। संगठन द्वारा सम्पूर्ण उत्तराखण्ड में निरन्तर किए जा रहे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के वंचित वर्ग के व्यक्तियों को अधिकाधिक संख्या में जोड़ना, नई पीढ़ी में सनातन संस्कारों का संचार करना, गौवंशों की रक्षा करना, सामाजिक समरसता लाना, नारी सशक्तीकरण करना, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण व मठ-मंदिरों की सुव्यवस्था करना है। हिंदू समाज को संगठित करते हुए उसकी सुरक्षा के संकल्प का भाव जगाना ही इस राष्ट्रव्यापी हिन्दू हित चिंतक अभियान का उद्देश्य है। विश्व हिंदू परिषद मतांतरण और लव जेहाद रोकने और घर वापसी के लिए किस तरह कटिबद्ध है, यह जानकारी भी अभियान के अंतर्गत हिन्दू समाज के लोगों को दी जाएगी।प्रान्त मंत्री डा.विपिन चंद्र पाण्डेय ने अभियान का महत्वपूर्ण पक्ष योजना रचना को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत करते हुए कहा कि हिन्दू हित चिंतक अभियान उत्तराखण्ड प्रान्त के प्रत्येक जिलों में संगठन द्वारा घोषित किए गए अभियान प्रमुख के नेतृत्व में यह सारा अभियान संचालित किया जाएगा। उत्तराखण्ड प्रान्त के प्रत्येक नगर, ग्राम बस्ती के प्रत्येक घर में जाने के लिए टोलियां बनाई गईं हैं, जिनमें संगठन के दायित्ववान कार्यकर्ता और विहिप के समर्थक सम्मिलित होंगे। संगठन के पूर्णकालिक कार्यकर्त्ता अपना सम्पूर्ण समय लगाकर इस अभियान को सफल बनाने का महती प्रयास करेंगे। उत्तराखण्ड प्रान्त में हिन्दू हित चिंतक अभियान के माध्यम से एक लाख घरों में हितचिंतक बनाएं जाने का लक्ष्य रखा गया है।


प्रान्त उपाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से अपेक्षा करते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद का संगठन कार्य सम्पूर्ण उत्तराखण्ड में पहुंचाने के लिए हितचिंतक अभियान के माध्यम से हिंदू समाज के हितचिंतक बनकर भारतवर्ष को पुनः अखंड बनाने एवं उत्तराखण्ड के साथ–साथ सम्पूर्ण विश्व में सनातन हिंदू संस्कृति का प्रचार प्रसार करने के लिए समस्त हिंदू समाज से सहयोग और योगदान अपेक्षित हैं। 
विश्व हिन्दू परिषद की प्रान्त टोली की इस महत्त्वपूर्ण बैठक में विश्व हिन्दू परिषद की प्रान्त उपाध्यक्षा संध्या कौशिक, प्रान्त कार्यालय प्रमुख वीरसेन मानव, प्रान्त सह सेवा प्रमुख अनिल भारतीय, प्रान्त प्रवक्ता वीरेंद्र कीर्तिपाल उपस्थित रहे।



No comments:

Post a Comment

Featured Post

उत्तराखंड और गोवा के संयुक्त प्रयासों से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा :- डॉक्टर नरेश चौधरी

  हरिद्वार 18 अक्टूबर "उत्तराखंड एवं गोवा प्रदेश आध्यात्मिक यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं  समुद्री जल क्रीड़ा करने वाले पर्यटकों के लिए अं...